हाथों में तिरंगा, जुबां पर देशभक्ति के नारे, मुरैना में निकली विशाल तिरंगा यात्रा

मुरैना। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में बुधवार को मुरैना में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने पंडित रामप्रसाद बिस्मिल संग्रहालय से हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसमें बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएं और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के वॉलंटियर्स शामिल हुए।यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारों से माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। युवाओं और विद्यार्थियों की बड़ी भागीदारी यात्रा का प्रमुख आकर्षण रही।

15 अगस्त और 26 जनवरी हमारी आस्था के केंद्र : नरेंद्र सिंह तोमर

तिरंगा यात्रा को रवाना करने के बाद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर 11 से 15 अगस्त तक तिरंगा उत्सव मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मुरैना में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया है।उन्होंने कहा कि भारत में पूरे वर्ष दीपावली, होली, नवरात्रि और गणेश चतुर्थी सहित अनेक त्योहार मनाए जाते हैं, लेकिन 15 अगस्त और 26 जनवरी हमारे लिए इन सभी त्योहारों से अधिक महत्वपूर्ण हैं। ये हमारी आस्था के केंद्र हैं।

पूर्वजों के बलिदान से मिला लोकतंत्र

नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि देश की स्वतंत्रता और लोकतंत्र हमें आसानी से नहीं मिला है। आजादी के लिए हमारे पूर्वजों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनके संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज देश में लोकतंत्र कायम है।उन्होंने कहा कि भारत आज तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश की प्रगति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सूझबूझ और कार्यकुशलता के साथ-साथ देश की 140 करोड़ जनता की ताकत भी शामिल है। उन्होंने राष्ट्रवाद की भावना को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

तिरंगा यात्रा पूरे राष्ट्र और देशभक्ति का प्रतीक

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि तिरंगा यात्रा किसी मजहबी भावना से जुड़ी नहीं है, बल्कि यह पूरे राष्ट्र और देशभक्ति की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी से यात्रा का संदेश और मजबूत हुआ है।शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी यात्रा के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। तिरंगा हाथों में लेकर शामिल हुए लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस के उत्सव का संदेश दिया।

error: Content is protected !!