बारिश के चलते बढ़ सकती है पानी की आवक, रील बनाने वालों को भी दी समझाइश
जौरा। लगातार हो रही बारिश के बीच पगारा डैम के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए जौरा एसडीएम शुभम शर्मा ने गुरुवार को डैम क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डैम के पुल के नीचे पानी के पास बैठे लोगों को समझाइश देकर वहां से हटाया और लोगों से सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान कुछ लोग डैम के पानी के नजदीक जाकर सोशल मीडिया के लिए रील और वीडियो बना रहे थे। एसडीएम ने उन्हें भी मौके से हटाया और पानी के पास जाने से होने वाले संभावित खतरे के बारे में समझाया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के लिए वीडियो या रील बनाने के चक्कर में किसी को भी अपनी जान जोखिम में नहीं डालनी चाहिए।

अचानक बढ़ सकता है जलस्तर
एसडीएम शुभम शर्मा ने ग्रामीणों को बताया कि पगारा डैम के आसपास के जंगल क्षेत्र के साथ-साथ श्योपुर क्षेत्र में भी बारिश हो रही है। ऐसे में डैम में पानी की आवक बढ़ सकती है और जलस्तर में अचानक वृद्धि की स्थिति बन सकती है। उन्होंने लोगों से डैम, पुल और जलभराव वाले क्षेत्रों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की अपील की।

अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
प्रशासन की ओर से लोगों को बताया गया कि जलस्तर बढ़ने या पानी की स्थिति में किसी तरह का बदलाव होने पर आवश्यक सूचना प्रशासन द्वारा दी जाएगी। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं का पालन करें।

बच्चों को पानी से दूर रखने की अपील
एसडीएम ने कहा कि बारिश के दौरान डैम और अन्य जलस्रोतों के आसपास अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं पानी के नजदीक न जाएं और बच्चों को भी डैम तथा पानी वाले क्षेत्रों से दूर रखें, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रशासन द्वारा पगारा डैम क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा को लेकर निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने बारिश के दौरान लोगों से सतर्क रहने और जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।