मुरैना/पोरसा। पोरसा क्षेत्र के नगरा साहसपुर घाट से उत्तर प्रदेश के बटेश्वरा महादेव मंदिर जा रहा एक स्टीमर रविवार सुबह चंबल नदी के बीच अचानक खराब हो गया। स्टीमर का इंजन बंद होने और डीजल खत्म होने के बाद वह तेज बहाव के साथ नदी में बहने लगा। स्टीमर में 50 से ज्यादा मोटरसाइकिल और करीब 100 यात्रियों के सवार होने की बात सामने आई है।

इंजन बंद, डीजल भी खत्म
स्टीमर में सवार यात्री महेश सिंह के अनुसार, स्टीमर के पंखे में कपड़ा फंस गया, जिसके कारण इंजन में परेशानी आई। इसी दौरान स्टीमर का डीजल भी खत्म हो गया। इंजन बंद होने के बाद स्टीमर नदी के तेज बहाव के साथ लगातार बहने लगा।यात्री के मुताबिक स्टीमर अब बहते हुए भिंड जिले की सीमा की ओर पहुंच गया है। घटना के बाद स्टीमर में सवार यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बन गया।

बल्लियों के सहारे किनारे लगाने का प्रयास
स्टीमर का स्टाफ बल्लियों के सहारे उसे नदी के किनारे लगाने का प्रयास कर रहा है। हालांकि चंबल नदी में तेज पानी का बहाव और स्टीमर में बड़ी संख्या में यात्रियों व मोटरसाइकिलों के सवार होने के कारण उसे नियंत्रित करने में काफी परेशानी आ रही है।यात्रियों की सुरक्षा को लेकर स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। स्टीमर को सुरक्षित किनारे लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

यात्रियों ने लगाया लापरवाही का आरोप
स्टीमर में सवार यात्री महेश सिंह ने संचालन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों और वाहनों को लेकर चल रहे स्टीमर में बीच नदी में डीजल खत्म होना और इंजन खराब होना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने कहा कि स्टीमर में करीब 100 यात्री और 50 से अधिक मोटरसाइकिलें सवार हैं। ऐसे में बीच नदी में स्टीमर के खराब होने से किसी बड़ी घटना का खतरा बना हुआ है।

प्रशासन और पुलिस से मदद की उम्मीद
घटना की सूचना प्रशासन और पुलिस तक पहुंचने के बाद यात्रियों को राहत और बचाव सहायता मिलने की उम्मीद है। फिलहाल स्टीमर को सुरक्षित तरीके से नदी के किनारे लगाने की कोशिश की जा रही है।