मारपीट-फायरिंग के बाद धमकियों से सहमा दुकानदार, सैकड़ों लोगों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचा

मुरैना। बदमाशों की कथित धमकी और मारपीट से परेशान एक दुकानदार अपने परिवार और करीब एक सैकड़ा लोगों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। दुकानदार सौरभ यादव ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

दुकानदार के मुताबिक, 14 अगस्त की दोपहर मन्नू गुर्जर अपने करीब आधा दर्जन साथियों के साथ जय भोले ट्रेडर्स की दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि इस दौरान रंगदारी को लेकर सौरभ यादव के साथ मारपीट की गई। दुकानदार का आरोप है कि बदमाशों ने बीच सड़क पर उसके साथ मारपीट करने के बाद अवैध हथियारों से फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी।

सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर धमकी देने का आरोप

सौरभ यादव का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी सोशल मीडिया पर फायरिंग के वीडियो शेयर कर उसे जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। दुकानदार ने बताया कि उसे और उसके पूरे परिवार को बदमाशों से जान-माल का खतरा बना हुआ है।

SP से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग

घटना से भयभीत दुकानदार अपने परिजनों और समर्थकों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचा और पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के साथ ही परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

error: Content is protected !!