मुरैना। “साहब, मुझे मेरी मां से बचा लो…” 11 साल के एक मासूम की यह गुहार मुरैना पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उस समय सुनाई दी, जब वह अपने घर के कथित विवाद और तनाव से परेशान होकर एसपी धर्मराज मीणा के पास पहुंचा। बच्चे ने शिकायती आवेदन देकर मां से अलग रहने और अपनी पढ़ाई जारी रखने की गुहार लगाई।

पिता मजदूरी के लिए बाड़मेर में रहते हैं
मामला स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के बिसंगपुर गांव का बताया जा रहा है। मासूम के अनुसार उसके पिता मुकेश कुशवाह मजदूरी के लिए बाड़मेर में रहते हैं। माता-पिता के बीच तलाक हो चुका है, लेकिन उसकी मां पिछले करीब दो महीने से घर में रह रही है।बच्चे ने आरोप लगाया कि पिता के बाहर रहने के दौरान घर में विवाद की स्थिति बनती है। उसने यह भी बताया कि मां फांसी लगाने की धमकी देने के साथ परिवार को जेल भिजवाने की बात कहती है।
मां पर फांसी लगाने की कोशिश का आरोप
मासूम ने एसपी को बताया कि करीब दो दिन पहले उसकी मां ने कथित तौर पर घर में फांसी लगाने की कोशिश की थी। हालांकि, पिता की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया। बच्चे का कहना है कि घर में खाने तक की परेशानी रहती है और उसे तथा उसके भाइयों को खुद खाना बनाना पड़ता है।

दादी से मारपीट का भी आरोप
मासूम ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि उसकी मां उसकी बुजुर्ग दादी के साथ डंडों से मारपीट करती है। घर में लगातार बने रहने वाले विवाद और तनाव का असर चारों भाइयों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। बच्चे के अनुसार इन परिस्थितियों के चलते उनका स्कूल जाना तक बंद हो गया है।
एसपी ने छात्रावास में पढ़ाई की दी सलाह
मासूम की पूरी बात सुनने के बाद एसपी धर्मराज मीना ने उसे छात्रावास में रहकर पढ़ाई करने की सलाह दी। अब पुलिस पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल बच्चे द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।