तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने सौंपा ज्ञापन, 2% महंगाई भत्ता समेत कई मांगें उठाईं

मुरैना। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ, जिला इकाई मुरैना द्वारा प्रदेशव्यापी आह्वान पर कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्टर कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान गगनभेदी नारों के बीच संघ पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव, मध्य प्रदेश शासन के नाम डिप्टी कलेक्टर सीताराम वर्मा को ज्ञापन सौंपा।

कार्यकारी जिला अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार राजौरिया, संभागीय अध्यक्ष श्रीराम नरेश डण्डौतिया एवं जिला उपाध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह तोमर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में शिक्षकों पर लागू TET की अनिवार्यता तत्काल समाप्त करने सहित कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। संघ ने मांग की कि अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों की तर्ज पर प्रदेश के कार्यरत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत के आदेश शीघ्र जारी किए जाएं। साथ ही नवनियुक्त कर्मचारियों को प्रथम तीन वर्षों में 70, 80 और 90 प्रतिशत वेतन देने की व्यवस्था समाप्त करने की मांग की गई। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि इस संबंध में जबलपुर उच्च न्यायालय द्वारा 12 दिसंबर 2019 को भी उक्त नियम को निरस्त किया जा चुका है।

ज्ञापन में अनुकंपा नियुक्ति एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति में CPCT की बाध्यता समाप्त करने, कार्यरत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने तथा हाल ही में लागू ई-अटेंडेंस प्रणाली समाप्त करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शासन द्वारा इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रांतीय निकाय के निर्देशानुसार आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस अवसर पर मुन्नालाल शर्मा, जनक सिंह रावत, नरेंद्र सिंह तोमर, पंजाब सिंह यादव, जगदीश यादव, राजेंद्र भारती, मोर सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष मुरैना सहदेव चंदेला, शिवम सिकरवार, राजीव शर्मा, अजय डण्डौतिया, राम लखन मौर्य, बृजमोहन सिंह तोमर, सपना गांगिल, सुनीता सिंह, पिरोजी, नीरज शर्मा, विजेंद्र सिंह राजपूत, मुनेश सर्जन, मुनेंद्र सिंह तोमर, बीरबल टैगोर, करण सिंह कुशवाहा, ऋषि कपूर, छविराम पिप्पल, रमाकांत शर्मा, कृष्ण कुमार शर्मा, राकेश खरे, दिलीप जाटव, महेश नंदा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!