मुरैना। राखी पर्व के अवसर पर स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला स्तरीय चार दिवसीय राखी मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेला 24 से 27 अगस्त 2026 तक मुरैना के ज्ञानेश्वरी हॉट, अमर शहीद पं. राम प्रसाद बिस्मिल संग्रहालय के पास, ज्ञानेश्वरी मंदिर के सामने आयोजित होगा।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव के निर्देशानुसार आयोजित इस मेले में जिले के विभिन्न स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार की गई राखियों के साथ-साथ कई तरह के हस्तनिर्मित और उपयोगी उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जाएगी।

महिलाओं को मिलेगा बाजार और स्वरोजगार का अवसर
राखी मेले का उद्देश्य स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को उनके उत्पादों के लिए बेहतर विपणन मंच उपलब्ध कराना है। मेले के माध्यम से स्थानीय स्तर पर महिलाओं के स्वावलंबन, स्वरोजगार और आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, प्रबुद्धजनों, गणमान्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। प्रशासन ने नागरिकों से स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की खरीदारी कर उनके प्रयासों को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया है।

संपर्क के लिए ये नंबर
राखी मेले से संबंधित अधिक जानकारी एवं आवश्यक समन्वय के लिए मेला प्रभारी उमेश राजौरिया, जिला प्रबंधक एमएंडई से 9109105974 तथा सहायक नोडल मो. जाहुल, वायपी एसआईएसडी से 8766364552 पर संपर्क किया जा सकता है।