भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नई तकनीक और नवाचार ने खेती में समृद्धि के नए रास्ते खोले हैं। कृषि क्षेत्र आने वाले समय में ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार और समृद्धि के नए अवसर पैदा करेगा। उन्होंने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ फसल विविधीकरण, उद्यानिकी, दुग्ध उत्पादन और मछली पालन को अपनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन से अशोकनगर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि फसल उत्पादन के साथ अन्य कृषि गतिविधियों को अपनाकर किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।
अशोकनगर के किसान प्रदेश के लिए मिसाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि अशोकनगर के किसान अपनी मेहनत और नवाचार से प्रदेश के किसानों के लिए मिसाल बन रहे हैं। जिले का शरबती गेहूं देशभर में अपनी पहचान रखता है। वहीं चंदेरी की साड़ी ने अशोकनगर को वैश्विक पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि जिले के किसानों में धनिया और गुलाब जैसी उद्यानिकी फसलों के प्रति रुचि बढ़ रही है। कम बारिश की चुनौती के बीच डीआरएस तकनीक से धान की रोपाई का रकबा बढ़ाकर किसानों ने आपदा को अवसर में बदला है। फसल विविधीकरण के चलते जिले में चना और मसूर का रकबा भी बढ़ा है।
किसान और जवान दोनों देश के लिए समर्पित
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान, महिला, गरीब और युवा राज्य सरकार की प्राथमिकता में हैं। किसान के समृद्ध और खुशहाल होने से ही समाज अन्न और धन-धान्य से परिपूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि सीमा पर जवान और खेत में किसान की भूमिका समान है, क्योंकि दोनों देश के लिए समर्पित हैं। उन्होंने बताया कि खेती को लाभप्रद बनाने के लिए प्रदेश में बिजली, पानी और खेतों तक सड़क संपर्क उपलब्ध कराने का काम जारी है। कृषि भूमि के भू-अर्जन पर किसानों को चार गुना मुआवजा देने की व्यवस्था की गई है। किसानों की सुविधा के लिए साल में एक बार खाते को क्लियर करने की व्यवस्था भी की गई है।
कुछ माह बाद दिन में मिलेगी पर्याप्त बिजली
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को 12 से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ माह बाद किसानों को दिन में ही पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। किसानों को सिंचाई के लिए पांच, सात और दस हॉर्स पावर के बिजली पंपों की सुविधा सब्सिडी के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को लगातार विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दे रही है। उन्होंने किसानों की आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य और उनके संवर्धन के लिए सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर किसानों को जन्माष्टमी, बलराम जयंती और रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं दीं।