घायल युवक को सड़क पर तड़पता देख रुके मुरैना एसपी, अपनी कार से पहुंचाया अस्पताल

मुरैना। मुरैना पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा की संवेदनशीलता और मानवीय पहल का सराहनीय उदाहरण शनिवार सुबह देखने को मिला। क्षेत्र भ्रमण के दौरान एसपी की नजर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपनी सरकारी कार रुकवाई और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

जानकारी के अनुसार, स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के मुड़िया खेड़ा गांव के पास एक ट्रैक्टर चालक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़ा था।इसी दौरान पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना क्षेत्र भ्रमण से जिला मुख्यालय की ओर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी नजर घायल युवक पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत वाहन रुकवाया और मौके पर पहुंचकर घायल की स्थिति देखी।

युवक की गंभीर हालत को देखते हुए एसपी ने बिना समय गंवाए उसे अपनी सरकारी कार में बैठवाया और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल में घायल युवक का उपचार जारी है।एसपी की इस तत्परता और मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि पुलिस का यह संवेदनशील रवैया आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करने वाला है।

यह घटना बताती है कि कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ जरूरत के समय मानवीय संवेदनशीलता दिखाना भी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

error: Content is protected !!