मुरैना में सोनू यादव की अनोखी पहल, जन्मदिन पर गौवंश के लिए रखवाई पानी की टंकियां

मुरैना। गौभक्त एवं समाजसेवी सोनू यादव ने अपने जन्मदिवस को सेवा और परोपकार के लिए समर्पित करते हुए मुरैना शहर के विभिन्न स्थानों पर गौमाता, गौवंश एवं बेसहारा पशुओं के लिए पानी की टंकियां रखवाकर प्रेरणादायी पहल की है।

भीषण गर्मी और उमस के मौसम में मूक प्राणियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई यह पहल समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण बनकर सामने आई है। सोनू यादव द्वारा मुड़ियाखेड़ा, बड़ोखर, रामनगर, गणेशपुरा, सिद्धनगर सहित विभिन्न स्थानों पर पानी की टंकियां रखवाई गई हैं। इन टंकियों में नियमित रूप से पानी भरने और उनकी साफ-सफाई की जिम्मेदारी स्थानीय सनातनी गौभक्तों द्वारा स्वेच्छा से संभाली जाएगी, ताकि यह सेवा निरंतर जारी रह सके और पशुओं को पूरे मौसम में आसानी से पेयजल उपलब्ध हो।

सोनू यादव ने कहा कि जन्मदिन केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और जीव-जंतुओं के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का भी अवसर है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने जन्मदिन एवं अन्य विशेष अवसरों को सेवा और परोपकार के कार्यों से जोड़ें।

गौसेवक रुद्रप्रताप सिंह सहित स्थानीय गौभक्तों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से मूक पशुओं को राहत मिलने के साथ ही समाज में सेवा, संवेदना और जीवों के प्रति करुणा का भाव भी मजबूत होता है।गौसेवकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सोनू यादव को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर गौसेवा के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

error: Content is protected !!