मुरैना नगर निगम की लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बैरियल चौराहे पर रेस्ट हाउस के बाहर नाला भर जाने से बारिश का पानी नाले के बदबूदार कीचड़ के साथ सड़क पर फैल गया है। इसके चलते चौराहे से गुजरने वाले राहगीरों को गंदगी और तेज बदबू का सामना करना पड़ रहा है।नाले का पानी रेस्ट हाउस परिसर में भी जमा हो रहा है, जबकि चौराहे पर भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक नाले से निकल रहे पानी में सफेद झाग भी दिखाई दे रहा है। इससे आशंका जताई जा रही है कि कहीं किसी फैक्टरी या अन्य स्थान से कैमिकल युक्त पानी नाले में तो नहीं छोड़ा जा रहा है।

हालांकि इसकी वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। ऐसे में नगर निगम और संबंधित विभाग को मौके पर पहुंचकर नाले के पानी की जांच करानी चाहिए। यदि जांच में कैमिकल युक्त पानी छोड़े जाने की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार व्यक्ति या संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से नाले की तत्काल सफाई कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।