अम्बाह में 15 दिन में पिता-पुत्र की मौत, सदमे में बेटी ने निगला जहरीला पदार्थ

मुरैना जिले के अम्बाह क्षेत्र के अजेंडा गांव में एक ही परिवार पर 15 दिनों के भीतर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। करीब 15 दिन पहले सड़क हादसे में परिवार के 26 वर्षीय बेटे राहुल तोमर की मौत हो गई थी। शनिवार सुबह सड़क हादसे में परिवार के मुखिया 50 वर्षीय महेंद्र सिंह तोमर की भी मौत हो गई। पिता की मौत की खबर सुनकर उनकी 30 वर्षीय बेटी ज्योति सदमे में आ गई और कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगल लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सड़क हादसे में महेंद्र सिंह की मौत

जानकारी के अनुसार, अजेंडा निवासी महेंद्र सिंह तोमर शनिवार सुबह बाइक से किसी काम के सिलसिले में अम्बाह जा रहे थे। इसी दौरान परीक्षत का पुरा मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में महेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। महेंद्र सिंह की मौत की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान उनकी बेटी ज्योति ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल अम्बाह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।

15 दिन पहले बेटे की भी हुई थी मौत

बताया जा रहा है कि महेंद्र सिंह के छोटे बेटे 26 वर्षीय राहुल तोमर की भी करीब 15 दिन पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। परिवार राहुल की मौत के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि अब परिवार के मुखिया महेंद्र सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। महज 15 दिनों के भीतर पिता-पुत्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद अजेंडा गांव में भी शोक का माहौल है। वहीं, बेटी ज्योति की हालत गंभीर बताई जा रही है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है।

error: Content is protected !!