भुजरिया मेले में लाइसेंसी रायफलों से मटकी फोड़ प्रतियोगिता! गोलियों के धमाकों का वीडियो वायरल

मुरैना। जौरा थाना क्षेत्र के ग्राम परसौटा में रक्षाबंधन के दूसरे दिन पड़वा पर आयोजित भुजरिया मेले के दौरान लाइसेंसी रायफलों से मटकी फोड़ प्रतियोगिता का मामला सामने आया है। प्रतियोगिता के दौरान युवकों द्वारा बंदूकों से मटकी पर निशाना साधने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

वर्षों से चली आ रही है प्रतियोगिता

बताया जा रहा है कि परसौटा गांव में नदी किनारे भुजरिया मेले के दौरान वर्षों से परंपरा के तहत मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इसमें गांव के आधा दर्जन से अधिक युवक अपनी लाइसेंसी रायफलों से नदी के दूसरी ओर रखी मटकी पर निशाना लगाते हैं। मटकी फोड़ने वाले प्रतिभागी को पंचायत की ओर से इनाम दिए जाने की बात भी सामने आई है। सामने आए वीडियो में युवक लाइसेंसी रायफलों के साथ दिखाई दे रहे हैं और मटकी पर निशाना साधते नजर आते हैं। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। वीडियो में फायरिंग की आवाज भी सुनाई दे रही है।

प्रतिबंध के बावजूद आयोजन पर उठे सवाल

बताया जा रहा है कि जिले के अन्य स्थानों पर इस तरह की प्रतियोगिताओं के सामने आने के बाद करीब 10 साल पहले ऐसे आयोजनों पर प्रतिबंध लगाए जाने की बात कही जाती है। इसके बावजूद परसौटा में लाइसेंसी हथियारों के इस्तेमाल से प्रतियोगिता आयोजित किए जाने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि प्रतियोगिता के आयोजन की अनुमति ली गई थी या नहीं और लाइसेंसी हथियारों से इस तरह फायरिंग एवं प्रदर्शन नियमों के अनुरूप था या नहीं।

पुलिस ने सरपंच को बुलाया, वीडियो की भी जांच

जौरा एसडीओपी नितिन बघेल ने बताया कि फायरिंग का वीडियो पुलिस के पास पहुंचा है और इसकी जांच कराई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वायरल वीडियो हाल का है या पुराना।वहीं, जौरा थाना प्रभारी एसआई पंकज यादव के अनुसार वीडियो के आधार पर प्रतियोगिता में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। स्थानीय सरपंच और कुछ ग्रामीणों को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है। बताया गया है कि 29 अगस्त को मुख्यमंत्री जनसंवाद योजना के तहत प्रशासन की टीम भी परसौटा गांव पहुंची थी। संभावना है कि प्रशासनिक अमले के लौटने के बाद प्रतियोगिता आयोजित की गई।

पुलिस का कहना है कि जांच में यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!