मुरैना। जिले के दिमनी थाना क्षेत्र के बरेथा गांव के पास रविवार दोपहर क्वारी नदी में बड़ा हादसा हो गया। नदी में नहाने गए चार दोस्त अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगे। इसी दौरान नदी किनारे बकरियां चरा रहे अमन नामक युवक ने साहस दिखाते हुए तीन युवकों की जान बचा ली, जबकि एक युवक तेज बहाव में बहकर गहरे पानी में लापता हो गया। लापता युवक की पहचान सत्यम पुत्र अरविंद परमार, निवासी बरेथा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक सत्यम अपने दोस्तों भोला परमार, आदित्य परमार और सत्यम बरेठा के साथ क्वारी नदी में नहाने पहुंचा था।
साफा फेंककर तीन युवकों को बचाया
बताया गया है कि चारों दोस्त नदी में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और चारों युवक डूबने लगे। युवकों को पानी में फंसा देखकर नदी किनारे बकरियां चरा रहा अमन तुरंत मदद के लिए दौड़ा। उसने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए पानी में साफा फेंका और उसकी मदद से तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि सत्यम परमार का हाथ साफे से छूट गया, जिसके बाद वह तेज बहाव के साथ गहरे पानी में चला गया।
एसडीआरएफ ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही दिमनी थाना प्रभारी जितेंद्र दोहरे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया और नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया गया। घटना के करीब 18 घंटे बाद भी सत्यम परमार का कोई सुराग नहीं लग सका है। एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में युवक की तलाश कर रही है।
दिमनी थाना प्रभारी जितेंद्र दोहरे के अनुसार, बरेथा गांव के चार युवक क्वारी नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान सत्यम नामक युवक पानी में डूब गया, जिसकी तलाश में एसडीआरएफ टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है।