मुरैना/ जौरा थाना क्षेत्र के पगारा डैम में रविवार को नहाने के दौरान गहरे पानी में बहकर लापता हुए 42 वर्षीय युवक सूरज कुशवाहा की तलाश सोमवार को भी पूरी नहीं हो सकी। SDRF की टीम ने सोमवार सुबह करीब 8 बजे से अंधेरा होने तक डैम में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला।

रेस्क्यू के दौरान डैम के अंदर मौजूद बड़े-बड़े पत्थर टीम के लिए बड़ी परेशानी बने हुए हैं। अंधेरा होने के बाद सोमवार रात रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया। अब मंगलवार को तीसरे दिन SDRF के साथ एक्सपर्ट गोताखोरों को बुलाकर युवक की तलाश की जाएगी।

रविवार को नहाते समय बह गया था युवक
जानकारी के अनुसार, रविवार 30 अगस्त को जौरा निवासी सूरज कुशवाहा (42) अपने तीन-चार रिश्तेदारों के साथ पिकनिक मनाने पगारा डैम पहुंचा था। दोपहर करीब 1 बजे नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में देखते ही देखते बह गया। साथ आए लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF की टीम को बुलाया गया। SDRF ने रविवार से ही सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया था, लेकिन दो दिन की तलाश के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका।

बड़े-बड़े पत्थर बने रेस्क्यू में बाधा
जौरा थाना प्रभारी पंकज यादव के मुताबिक, डैम में पानी का बहाव ज्यादा तेज नहीं है, लेकिन पानी के अंदर बड़े-बड़े और मजबूत पत्थर मौजूद हैं। ये पत्थर पहाड़नुमा जमीन से मजबूती से जुड़े हुए हैं, जिसके कारण रेस्क्यू टीम को तलहटी तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। पुलिस का मानना है कि यदि युवक इन पत्थरों के बीच नीचे फंसा हुआ है तो उसकी तलाश के लिए पानी की निचली सतह तक पहुंचना जरूरी होगा। इसी वजह से मंगलवार को एक्सपर्ट गोताखोरों की मदद से पत्थरों के बीच और डैम की तलहटी में सर्चिंग कराई जाएगी।
सर्च ऑपरेशन का तीसरा दिन युवक की तलाश के लिहाज से अहम माना जा रहा है।