मुरैना में कृष्ण जन्मोत्सव देखकर लौट रही 3 महिलाओं को ट्रक ने कुचला, सास-बहू समेत 3 की मौत

मुरैना। कृष्ण जन्मोत्सव की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब घरोना मंदिर में आयोजित कार्यक्रम देखकर घर लौट रही तीन महिलाओं को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं आपस में सास-बहू बताई जा रही हैं।

घरोना मंदिर के पास हुआ दर्दनाक हादसा

दर्दनाक सड़क हादसा सिविल लाइन थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर घरोना मंदिर के पास रात करीब 12:38 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार हरफूल का पुरा निवासी तीनों महिलाएं घरोना मंदिर में आयोजित कृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम देखने गई थीं।कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तीनों महिलाएं पैदल ही हाईवे किनारे से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने कथित तौर पर तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए तीनों महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया।टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

टक्कर के बाद घर में जा घुसा ट्रक

महिलाओं को टक्कर मारने के बाद ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसा। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर ट्रक चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तीनों मृतकों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान पूनम पत्नी धर्मवीर कुशवाह, उम्र 25 वर्ष, कमला पत्नी बालकिशन कुशवाह, उम्र 50 वर्ष और कमला पत्नी फूलसिंह कुशवाह, उम्र 55 वर्ष, सभी निवासी हरफूल का पुरा के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि मृतकों में से दो महिलाएं आपस में सास-बहू थीं। एक ही हादसे में तीन महिलाओं की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मच गया है।

गांव में पसरा मातम

कृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम देखकर घर लौट रही महिलाओं के साथ हुए इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। हरफूल का पुरा में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका को लेकर पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!