मुरैना। शहर में कॉलेज से परीक्षा देकर बाहर निकली BSc की छात्रा के अपहरण और उसकी इच्छा के विरुद्ध शादी कराने का मामला सामने आया है। छात्रा की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने शिवम जादौन निवासी जालौन के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के मुताबिक पीड़ित छात्रा शासकीय कन्या महाविद्यालय में BSc की पढ़ाई कर रही है। छात्रा 23 मई को परीक्षा देने कॉलेज पहुंची थी। आरोप है कि परीक्षा खत्म होने के बाद आरोपी शिवम जादौन ने छात्रा से उसके परिजनों के एक्सीडेंट होने की बात कही और उसे बाइक पर बैठाकर ग्वालियर ले गया।
ग्वालियर ले जाकर आर्य समाज मंदिर में शादी कराने का आरोप
छात्रा का आरोप है कि ग्वालियर पहुंचने के बाद युवक ने उसकी इच्छा के विरुद्ध आर्य समाज मंदिर में शादी कराई। इसके बाद शादी से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे।फोटो-वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद छात्रा अपने परिजनों के साथ कोतवाली थाने पहुंची और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
रिश्तेदार होने के कारण घर पर था आना-जाना
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक छात्रा का रिश्तेदार है और इसी वजह से उसका छात्रा के घर अक्सर आना-जाना था। आरोप है कि आरोपी ने इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर छात्रा को बहाने से अपने साथ ले गया।
पुलिस ने दर्ज किया अपहरण का मामला
छात्रा की शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी शिवम जादौन के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपी की तलाश में जुटी है।पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।