मुरैना। जौरा थाना क्षेत्र स्थित मित्तल पेट्रोल पंप पर ऑटो में CNG नहीं भरने को लेकर हुआ विवाद करीब ढाई घंटे बाद फायरिंग तक पहुंच गया। आरोप है कि नाराज ऑटो चालक दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंचा और कर्मचारी पर कट्टे से फायर कर दिया। कर्मचारी ने समय रहते जमीन पर लेटकर अपनी जान बचा ली। गोली कर्मचारी को लगने के बजाय पेट्रोल पंप के इलेक्ट्रिक पैनल में जा धंसी।
CNG प्लेट की एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी
जानकारी के मुताबिक, श्यारू निवासी ऑटो चालक देवा बघेल अपनी ऑटो में CNG भरवाने के लिए मित्तल पेट्रोल पंप पहुंचा था। ऑटो की CNG प्लेट की एक्सपायरी डेट निकल चुकी होने के कारण पेट्रोल पंप कर्मचारी रानू शर्मा ने CNG भरने से मना कर दिया।CNG नहीं भरने को लेकर चालक और कर्मचारी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद देवा बघेल ऑटो लेकर वहां से चला गया। बताया जा रहा है कि करीब ढाई घंटे बाद वह बाइक से दोबारा मित्तल पेट्रोल पंप पहुंचा।
कर्मचारी पर कट्टे से किया फायर
आरोप है कि पेट्रोल पंप पर पहुंचते ही ऑटो चालक ने कर्मचारी रानू शर्मा पर कट्टे से फायर कर दिया। अचानक गोली चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी ने गोली से बचने के लिए तुरंत जमीन पर लेटकर अपनी जान बचाई।फायरिंग में कर्मचारी को गोली नहीं लगी। गोली पेट्रोल पंप के इलेक्ट्रिक पैनल में जा लगी। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
घटना के बाद थाने पहुंचे व्यापारी
पेट्रोल पंप पर फायरिंग की जानकारी मिलते ही स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में व्यापारी एकजुट होकर जौरा थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों ने पुलिस से पेट्रोल पंप कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी कार्रवाई की मांग की।थाना पुलिस ने व्यापारियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने की तैयारी
मामले को लेकर एसडीओपी एनआरएस बघेल ने बताया कि दोपहर में मित्तल पेट्रोल पंप पर ऑटो चालक और कर्मचारी के बीच CNG भरने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद से नाराज होकर ऑटो चालक ने बाद में पेट्रोल पंप कर्मचारी पर फायर कर दिया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।