सोते समय काले सांप ने डसा, झाड़-फूंक में बीते 12 घंटे; अस्पताल पहुंचते ही 22 साल की नंदनी ने तोड़ा दम

मुरैना। बागचीनी थाना क्षेत्र के बांसी गांव में सांप के डसने से 22 वर्षीय युवती की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि नंदनी गौड़ रात में घर में सो रही थी। इसी दौरान काले सांप ने उसके पैर में डस लिया।

सांप के डसने के बाद परिजनों ने सांप को मारकर टोकरी में बंद कर दिया, लेकिन युवती को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय करीब 12 घंटे तक झाड़-फूंक कराते रहे। जब नंदनी की हालत में सुधार नहीं हुआ और वह अचेत हो गई, तब परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों ने डॉक्टरों को मृत सांप भी दिखाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद नंदनी को मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टरों के मुताबिक, सांप के काटने के बाद समय पर अस्पताल पहुंचने पर उपचार से जान बचने की संभावना रहती है। देरी होने से जहर का असर बढ़ सकता है और मरीज की हालत गंभीर हो सकती है। मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को जिला अस्पताल से अपने साथ ले गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बागचीनी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस युवती की मौत की परिस्थितियों और बिना पोस्टमार्टम शव ले जाने के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!