मुरैना। जिले में लगातार बढ़ रहे जलस्तर के बीच क्वारी नदी उफान पर है। अम्बाह तहसील क्षेत्र में नदी का जलस्तर बढ़ने से करीब सात गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। कई गांवों का मुख्य मार्ग से संपर्क प्रभावित होने के कारण ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हालात बिगड़ने की सूचना पर जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अम्बाह तहसीलदार नरेश शर्मा की मौजूदगी में एसडीआरएफ की टीम ने झिरना का पुरा गांव से 40 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं मड़ैयन का पुरा गांव से 30 लोगों का रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इस तरह अब तक दोनों गांवों से कुल 70 ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।

सात गांव बाढ़ की चपेट में
प्रशासन के अनुसार झिरना का पुरा, मड़ैयन का पुरा, मनफूल का पुरा समेत करीब सात गांव क्वारी नदी के बढ़े जलस्तर से प्रभावित हुए हैं। पानी बढ़ने के कारण ये गांव चारों तरफ से पानी से घिरकर टापू जैसे हालात में पहुंच गए हैं। प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

पानी के बीच फंसी जिंदगी, लगातार जारी रेस्क्यू
बाढ़ प्रभावित गांवों में ग्रामीणों के फंसे होने की सूचना के बाद प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान तेज किया है। एसडीआरएफ की मदद से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने की तैयारी में हैं। जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से नदी, नाले और तेज बहाव वाले पानी से दूर रहने की अपील की है। लोगों को अनावश्यक रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

कढ़ाई में शव रखकर नाला पार करने का वीडियो वायरल
उधर पहाड़गढ़ ब्लॉक के भैरू सिंह का पुरा गांव से सामने आया एक वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि गांव में हुकम सिंह परमार की मौत के बाद अंतिम संस्कार के लिए ग्रामीणों को शव को नाला पार कराकर ले जाना पड़ा। वायरल वीडियो में कुछ ग्रामीण लोहे की बड़ी कढ़ाई में शव रखकर तेज बहाव वाले नाले को पार करते दिखाई दे रहे हैं। बाढ़ के बीच शव को इस तरह नाला पार कराने का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में व्यवस्था और ग्रामीणों की मुश्किलों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
तहसीलदार बोले- लगातार निगरानी जारी
अम्बाह तहसीलदार नरेश शर्मा ने बताया कि क्वारी नदी के उफान पर आने से अम्बाह ब्लॉक के करीब सात गांव प्रभावित हुए हैं। दो गांवों से अब तक 70 लोगों का रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा चुका है। प्रशासन की टीमें लगातार बाढ़ प्रभावित गांवों की निगरानी कर रही हैं। स्थिति के अनुसार जरूरत पड़ने पर आगे भी रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा।