सबलगढ़ में मेडिकल थोक विक्रेता के यहां दिनदहाड़े लूट

मुरैना। सबलगढ़ में बुधवार दोपहर एक मेडिकल स्टोर्स पर दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। मेडिकल एजेंसी के मुनीम का रुपयों से भरा बैग अज्ञात चोर मौका देखकर लेकर फरार हो गया। बैग में करीब ढाई लाख रुपये नकद बताए जा रहे हैं। चोरी की पूरी वारदात मेडिकल स्टोर्स में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार, महालक्ष्मी मेडिकल एजेंसी का मुनीम चिंटू सक्सेना बुधवार को पैसों की वसूली के लिए मुरैना से सबलगढ़ आया था। वह सुरेश मेडिकल स्टोर्स पर पहुंचा और रुपयों से भरा बैग काउंटर पर रखकर बातचीत करने में व्यस्त हो गया। इसी दौरान पास खड़ा एक युवक मौका देखकर काउंटर से रुपयों से भरा बैग उठाकर वहां से निकल गया। कुछ देर बाद मुनीम को बैग गायब होने का पता चला तो हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बैग में करीब 2.50 लाख रुपये नकद रखे हुए थे।

CCTV फुटेज में कैद हुआ चोर

घटना की सूचना मिलते ही सबलगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मेडिकल स्टोर्स में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्ध युवक बैग लेकर जाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है।

SDOP ने दी घटना की जानकारी

SDOP उमेश मिश्रा ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अज्ञात चोर सुरेश मेडिकल स्टोर्स से रुपयों से भरा बैग चोरी कर ले गया। मेडिकल एजेंसी का मुनीम पैसों की वसूली के लिए मुरैना से सबलगढ़ आया था। CCTV फुटेज के आधार पर चोर की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!