मुरैना में वाहन चेकिंग अभियान, 35 यात्री वाहनों पर दिव्यांग सीट के स्टीकर

मुरैना। परिवहन आयुक्त, मध्यप्रदेश ग्वालियर के आदेश और कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देश पर जिले में नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को जौरा रोड, मुरैना पर यात्री बस, स्कूल बस और ई-रिक्शा वाहनों की सघन जांच के लिए चेकिंग पॉइंट लगाया गया। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी पी.एस. भिलाला के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने वाहनों की जांच की। इस दौरान वाहनों के वैध दस्तावेजों के साथ-साथ फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, इमरजेंसी गेट और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई। यात्रियों को होने वाली असुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली गई और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित वाहन चलाने की समझाइश दी गई।

35 यात्री वाहनों पर लगाए दिव्यांग सीट के स्टीकर

चेकिंग के दौरान दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित सीट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 35 यात्री वाहनों पर मौके पर ही आरक्षित सीट संबंधी स्टीकर लगवाए गए।

स्कूल मैजिक और यात्री बसों पर कार्रवाई

नियमों के उल्लंघन पर 2 स्कूल मैजिक वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 22 हजार रुपये का राजस्व वसूल किया गया। वहीं नियम विरुद्ध संचालित यात्री बसों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 17 हजार रुपये का राजस्व वसूला गया।परिवहन विभाग ने कहा कि जिले में यातायात नियमों और वाहन संचालन से जुड़े निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए इस तरह की चेकिंग कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

error: Content is protected !!