मुरैना। परिवहन आयुक्त, मध्यप्रदेश ग्वालियर के निर्देश एवं कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशों के पालन में जिले में नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में 10 सितंबर को अम्बाह रोड, मुरैना पर यात्री बस, स्कूल बस एवं ई-रिक्शा वाहनों की सघन जांच की गई।
कार्रवाई क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी पीएस भिलाला, परिवहन उपनिरीक्षक अभिषेक शर्मा सहित परिवहन विभाग के अमले द्वारा की गई। आरटीओ ने स्वयं वाहनों के वैध दस्तावेज, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, इमरजेंसी गेट सहित अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरणों की जांच की। चेकिंग के दौरान यात्रियों को होने वाली असुविधाओं की भी जांच की गई और वाहन चालकों को सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की समझाइश दी गई। अभियान में 42 से अधिक स्कूल बसों और 35 से अधिक यात्री बसों, यानी कुल 77 से अधिक वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान 35 यात्री वाहनों में दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित सीट के स्टीकर मौके पर ही लगवाए गए। वहीं मोटरयान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल ₹32,500 का राजस्व वसूल किया गया।
परिवहन विभाग ने वाहन संचालकों एवं चालकों से अपील की है कि वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज और सुरक्षा उपकरण अद्यतन रखें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित वाहन संचालन सुनिश्चित करें।