मुरैना। रामपुर थाना क्षेत्र के रुनघान गांव में आधी रात नाबालिग लड़की से मिलने पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। युवक के घर के अंदर मिलने की बात सामने आने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद सुबह युवक द्वारा अपने कुछ साथियों को मौके पर बुलाने के बाद विवाद दोबारा बढ़ गया। ग्रामीणों ने करीब आधा दर्जन युवकों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट कर दी। बाद में युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, कुतघान निवासी मौसम कुशवाह अपने एक दोस्त के साथ बाइक से रात के समय रुनघान गांव पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह नाबालिग लड़की से मिलने उसके घर में दाखिल हुआ था। इसी दौरान परिजनों ने उसे घर के अंदर पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि सुबह युवक ने अपने कुछ दोस्तों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद ग्रामीण भी एकत्रित हो गए और दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। ग्रामीणों ने करीब आधा दर्जन युवकों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। बाद में ग्रामीणों ने युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने क्या कहा?
रामपुर थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा ने बताया कि रुनघान गांव में कुछ ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़कर उनके साथ मारपीट की है। इनमें से एक युवक रात में अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए घर में घुसा था। थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी और फरियादी आपस में रिश्तेदार हैं। फिलहाल कोई फरियादी सामने नहीं आया है, इसलिए खबर लिखे जाने तक मामले में प्रकरण दर्ज नहीं किया गया था।