कलेक्टर ने खाण्डोली स्कूल में बच्चों के बीच बैठकर देखी पढ़ाई, होमवर्क और शैक्षणिक स्थिति

मुरैना। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने ग्राम पंचायत खाण्डोली के कोक सिंह का पुरा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई की प्रगति और शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली।

कलेक्टर बच्चों के बीच दरी पर बैठ गए और उनकी कॉपियां व होमवर्क देखकर विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई में आ रही कठिनाइयों के बारे में भी जानकारी ली तथा नियमित विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और गृहकार्य समय पर पूरा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय की मध्यान्ह भोजन व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। इसके अलावा अंकुर पुस्तक की उपलब्धता, शिक्षकों की नियुक्ति और उनकी उपस्थिति के संबंध में जानकारी ली।

कलेक्टर ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यार्थी की सीखने की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाए और नियमित मूल्यांकन के साथ अभिभावकों से भी निरंतर संपर्क रखा जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

आंगनबाड़ी केंद्र का भी किया निरीक्षण

कलेक्टर ने कोक सिंह का पुरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 118 का निरीक्षण कर बच्चों को दिए जाने वाले नाश्ते एवं भोजन की जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा बच्चों को दिए जाने वाले टेक होम राशन (टीएचआर) की भी जानकारी प्राप्त की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि केंद्र में टीवी उपलब्ध है, लेकिन अभी तक स्थापित नहीं किया गया है। इस पर कलेक्टर ने ग्राम पंचायत को टीवी शीघ्र स्थापित कराने के निर्देश दिए।

स्कूल की बाउंड्रीवाल और जल निकासी की समस्या सुनी

ग्राम खाण्डोली में ग्रामीणों ने कलेक्टर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की बाउंड्रीवाल नहीं होने की समस्या बताई। ग्रामीणों के अनुसार बाउंड्रीवाल के अभाव में आवारा गोवंश और शरारती तत्व विद्यालय परिसर में प्रवेश कर जाते हैं। साथ ही बारिश के दौरान जल निकासी की समस्या के कारण परिसर में पानी भर जाता है। कलेक्टर जांगिड़ ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला खनिज प्रतिष्ठान मद (DMF) के माध्यम से विद्यालय परिसर को सुव्यवस्थित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

इस दौरान एसडीएम जौरा शुभम शर्मा और जनपद सीईओ श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!