मुरैना पुलिस का बड़ा एक्शन: 95 लाख रुपये के 401 मोबाइल बरामद, साइबर सेल की बड़ी सफलता

मुरैना। मुख्यमंत्री जन-विश्वास कार्यक्रम के तहत मुरैना पुलिस ने मोबाइल चोरी और गुम होने के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 401 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। साइबर सेल की तकनीकी जांच और मोबाइल ट्रेसिंग के जरिए अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए इन मोबाइल फोन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 95 लाख रुपये बताई जा रही है।

एसपी धर्मराज मीणा के निर्देशन में चला अभियान

मुरैना जिले में पिछले कुछ महीनों से मोबाइल फोन चोरी होने और गुम होने की शिकायतें पुलिस के पास लगातार पहुंच रही थीं। मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन में साइबर सेल टीम को मोबाइल फोन की तकनीकी जांच और ट्रेसिंग के लिए लगाया गया। साइबर सेल टीम ने तकनीकी माध्यमों से मोबाइल फोन को ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू की। लगातार प्रयास और तकनीकी जांच के बाद टीम ने अलग-अलग स्थानों से कुल 401 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता हासिल की।

ओप्पो, वनप्लस, सैमसंग और एप्पल समेत कई कंपनियों के मोबाइल

पुलिस द्वारा बरामद किए गए मोबाइल फोन में ओप्पो, वनप्लस, सैमसंग, रियलमी, मोटोरोला और एप्पल जैसी प्रमुख कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 95 लाख रुपये है। इतनी बड़ी संख्या में मोबाइल फोन बरामद होने से उन लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके मोबाइल फोन चोरी या गुम हो गए थे।

साइबर सेल की सफलता पर एसपी ने की सराहना

401 मोबाइल फोन बरामद करने की सफलता पर पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने साइबर सेल टीम की सराहना की। उन्होंने टीम द्वारा किए गए तकनीकी प्रयासों की प्रशंसा करते हुए पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन किया।

मोबाइल चोरी या गुम होने पर तत्काल शिकायत की अपील

एसपी धर्मराज मीना ने जिले के लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन चोरी या गुम होने की स्थिति में बिना देरी किए पुलिस को सूचना दें और शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत मिलने से पुलिस तकनीकी माध्यमों और मोबाइल ट्रेसिंग की मदद से मोबाइल फोन को बरामद करने का प्रयास कर सकती है।

मुरैना पुलिस की इस कार्रवाई को मोबाइल चोरी और गुमशुदगी के मामलों में साइबर सेल की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!