जुए के अड्डे पर पुलिस की दबिश, 5 आरोपी गिरफ्तार, ₹21 हजार नकद और ताश की गड्डी जब्त

मुरैना। जिले में जुआरियों और सटोरियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जौरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सांकरा चौराहे के पास एक खेत में जुआ खेल रहे 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से करीब ₹21 हजार की नकदी और ताश की गड्डी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को थाना जौरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सांकरा चौराहे के पास एक खेत में बड़े स्तर पर जुआ संचालित किया जा रहा है। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की।

मौके पर कुछ लोग हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलते मिले। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से करीब ₹21,000 नकद और ताश की गड्डी बरामद की गई।
मामले में थाना जौरा में अपराध क्रमांक 399/26, धारा 13 जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर, अति. पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन तथा एसडीओपी जौरा नितिन बघेल के मार्गदर्शन में थाना जौरा पुलिस द्वारा की गई।

Leave a Reply

error: Content is protected !!