31 रक्तवीरों ने किया रक्तदान, रोटरी क्लब रॉयल परिवार ने पेश की मानव सेवा की मिसाल

मुरैना, 12 सितंबर। रोटरी क्लब रॉयल परिवार मुरैना द्वारा शनिवार को जिला चिकित्सालय मुरैना स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्लब के सदस्यों एवं अन्य रक्तवीरों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 31 यूनिट रक्तदान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रजमोहन अग्रवाल, प्रांतपाल 3053 रहे। इस अवसर पर DSG रोटे. इंद्रपाल शर्मा, असिस्टेंट गवर्नर प्रकाश अग्रवाल (सीए), डॉ. संजीव बांदिल, सिविल सर्जन डॉ. गजेंद्र तोमर, डॉ. निखिल जैन, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. संयोगिता गोयल सहित रोटरी क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सबसे पुनीत कार्य है। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में मदद मिलती है और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना मजबूत होती है।

रोटरी क्लब रॉयल परिवार के अध्यक्ष रोटेरियन सौरभ गुलाटी एवं सचिव रोटेरियन पवन गर्ग ने कहा कि क्लब द्वारा समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न सेवा कार्य किए जाते हैं। रक्तदान शिविर भी इसी सेवा भावना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई दी।

शिविर के संयोजक अमित गोयल ने बताया कि क्लब के सदस्यों में रक्तदान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने सभी 31 रक्तवीरों, अतिथियों, क्लब पदाधिकारियों एवं सदस्यों तथा जिला चिकित्सालय की ब्लड बैंक टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्त की एक-एक बूंद किसी जरूरतमंद के जीवन में नई उम्मीद जगा सकती है। रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

शिविर के सफल आयोजन में रोटरी क्लब रॉयल परिवार के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

रक्तदान महादान — आइए, रक्तदान करें और जीवन बचाएँ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!