मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, होटल-रेस्टोरेंट से पनीर, तेल और हल्दी के सैंपल

मुरैना। जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने अम्बाह क्षेत्र के होटल और रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इन सैंपलों को जांच के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है।

खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी अनिल प्रताप सिंह परिहार के नेतृत्व में टीम ने मुरैना रोड स्थित होटल राजमहल पैलेस का निरीक्षण किया। यहां से पनीर का नमूना लिया गया।इसके बाद टीम पिनाहट रोड स्थित श्रीजी होटल एंड रेस्टोरेंट पहुंची, जहां से रिफाइंड और सोयाबीन तेल के सैंपल लिए गए। वहीं पुराने थाने के पास स्थित वैष्णवी कैफे एंड रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया। यहां से हल्दी पाउडर और पनीर के नमूने लिए गए।

भोपाल भेजे गए खाद्य पदार्थों के सैंपल

खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी के अनुसार सभी लिए गए नमूनों को जांच के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनमें किसी तरह की मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी। यदि जांच रिपोर्ट में किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित होटल-रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से अम्बाह क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर कारोबारियों में भी सतर्कता बढ़ी है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!