मुरैना। जिले में खाकी को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। रामपुर कला थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा का कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में थाना प्रभारी थाने के पीछे सुनसान इलाके में एक व्यक्ति से रुपये लेते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में रुपये लेते समय थाना प्रभारी सामने वाले व्यक्ति से “कितने रुपये हैं?” पूछते हुए दिखाई दे रहे हैं। बातचीत के दौरान 2 हजार रुपये देने की बात भी सामने आती है।

इतना ही नहीं, वायरल वीडियो में थाना प्रभारी द्वारा “छोटू पंडित” को भी 400-500 रुपये दिलाने की बात कहे जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और थाने में कथित लेन-देन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
वीडियो वायरल होते ही SP का एक्शन
मामला पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के संज्ञान में आते ही उन्होंने गंभीरता दिखाई। एसपी ने वायरल वीडियो पर तत्काल संज्ञान लेते हुए रामपुर कला थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा को तत्काल सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं।