जंगल में अवैध शराब की भट्टी पर पुलिस की दबिश, 70 लीटर अमानक शराब जब्त

मुरैना। अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रिठौराकलां थाना पुलिस ने ग्राम टीकरी के पास जंगल में अवैध शराब बनाने की भट्टी पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 70 बल्क लीटर अमानक कच्ची शराब, शराब बनाने की भट्टी और अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त मशरूका की कीमत करीब 75 हजार रुपये से अधिक बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम टीकरी के सामने पहाड़ पर ताल की पार के पास जंगल में कुछ लोग अवैध रूप से भट्टी लगाकर शराब बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने जंगल में दबिश दी। पुलिस को देखकर दो लोग भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
मौके पर 35-35 लीटर की दो केन, एक नीले और दूसरी काले रंग की, कच्ची शराब से भरी मिलीं। इसके अलावा शराब निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामग्री भी बरामद हुई। मौके पर मौजूद आबकारी विभाग के अधिकारी द्वारा शराब का भौतिक परीक्षण किया गया, जिसमें इसे अमानक और मानव जीवन के लिए खतरनाक हो सकने वाली कच्ची शराब पाया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों नरेन्द्र उर्फ भोला गुर्जर और हरिचरन आदिवासी को गिरफ्तार कर लिया। थाना रिठौरा में दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 106/26, धारा 34(2), 49(ए) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं एसडीओपी अनिल कुमार मंडराह के मार्गदर्शन में की गई।

Leave a Reply

error: Content is protected !!