गणेश विसर्जन के दौरान क्वारी नदी में बड़ा हादसा: तेज बहाव में बहे 4 युवक, 3 ने तैरकर बचाई जान, एक लापता

मुरैना। दिमनी थाना क्षेत्र में क्वारी नदी में गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। प्रतिमा विसर्जन के लिए नदी में उतरे चार युवक अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए। तीन युवक किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि एक युवक तेज बहाव में बह गया। लापता युवक की पहचान विजयपाल माहौर पुत्र महेश माहौर (35), निवासी दिमनी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार विजयपाल अपने दोस्तों हरिओम, बंटी और एक अन्य युवक के साथ क्वारी नदी के पुल के पास पहुंचा था। इसी दौरान चारों युवक नदी में उतर गए। अचानक तेज बहाव आने से चारों पानी में बहने लगे। तीन युवकों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, लेकिन विजयपाल तेज बहाव में बह गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे की सूचना मिलने के बाद दिमनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कराई। पुलिस द्वारा एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है, जो नदी में लापता युवक की तलाश कर रही है। खबर लिखे जाने तक तलाश अभियान जारी था। वहीं, युवक के नदी में डूबने की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

थाना प्रभारी ने कहा– आज गणेश विसर्जन की सूचना नहीं थी

दिमनी थाना प्रभारी जितेंद्र दोहरे ने बताया कि शाम के समय एक युवक क्वारी नदी में नहाने के लिए उतरा था और पानी में डूब गया। उसकी तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई है। थाना प्रभारी के मुताबिक गणेश विसर्जन 22 तारीख को होना है और आज विसर्जन की कोई सूचना पुलिस के पास नहीं थी।

हादसे के बाद नदी घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि पुलिस के अनुसार घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी।

error: Content is protected !!