मुरैना। कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपए का चोरी गया माल बरामद करने का दावा किया है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और जांच राजस्थान तक पहुंची।

दरअसल, 28 अगस्त की रात नैनागढ़ रोड स्थित काली माता मंदिर के पास रहने वाले फरियादी राहुल गुप्ता के घर में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर आसपास के इलाकों में लगे एक सैकड़ा से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को आरोपियों के राजस्थान कनेक्शन के सुराग मिले। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा करते हुए मनिया और धौलपुर तक जांच आगे बढ़ाई और दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीडियो उर्फ अरमान खान निवासी मनिया, धौलपुर और नास्सो उर्फ नसरुद्दीन खान निवासी सदर के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से चोरी का करीब 10 लाख रुपए का माल बरामद किया गया है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड और जिले में हुई अन्य चोरी की वारदातों में संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

पुलिस टीम को 10 हजार रुपए का इनाम
चोरी की वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम की सफलता पर मुरैना एसपी ने टीम को 10 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।