मुरैना। अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ मुरैना पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस ने 6 सितंबर से 21 सितंबर 2026 तक 16 दिनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 214 प्रकरण दर्ज किए और 217 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कुल 1991 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। इसमें 1778 लीटर देशी और 213 लीटर अंग्रेजी शराब शामिल है। जब्त शराब की कीमत करीब 9 लाख 78 हजार 700 रुपए बताई गई है। इसके अलावा अवैध शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 3 वाहन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए है, भी जब्त किए गए। इस तरह पुलिस ने कुल 14 लाख 78 हजार 700 रुपए से अधिक का मशरूका जब्त किया है।

जिले के अलग-अलग थानों में हुई कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई में कोतवाली में 5, सिविल लाइन में 21, स्टेशन रोड में 8, सरायछौला में 3, दिमनी में 10, माताबसैया में 7, सिहोनिया में 9, अंबाह में 17, पोरसा में 13, नगरा में 7, महुआ में 8, बामौर में 8, नूराबाद में 6, रिठौरा में 7, सुमावली में 2, जौरा में 9, बागचीनी में 9, देवगढ़ में 4, कैलारस में 8, पहाड़गढ़ में 10, चिन्नोनी में 8, निरार में 2, सबलगढ़ में 10, रामपुर में 17 और टेंटरा में 6 प्रकरण दर्ज किए गए। सभी मामलों में संबंधित आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग आपराधिक प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

65 आदतन अपराधियों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
अवैध शराब के कारोबार में पहले से लिप्त आदतन अपराधियों पर भी पुलिस ने कार्रवाई की है। अभियान के दौरान 65 आदतन अपराधियों के खिलाफ धारा 126, 135(3) एवं 129 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों की पुनरावृत्ति पर रोक लगाना है।

संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी
पुलिस टीमों द्वारा अवैध शराब का निर्माण, परिवहन और बिक्री करने वाले संभावित लोगों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। जिले के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील क्षेत्रों और अवैध शराब की संभावना वाले स्थानों पर लगातार नाकाबंदी और पेट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस अधीक्षक धर्मराज ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने आमजन से की अपील
मुरैना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण, बिक्री, भंडारण या परिवहन होने की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस के अनुसार प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।