मुरैना। नूराबाद थाना क्षेत्र के गणेश बाजार में मथुरा-वृंदावन यात्रा के दौरान हुए विवाद की रंजिश को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। सोमवार रात करीब 10 बजे कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और घर के बाहर बैठे लोगों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। हमले में पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मारपीट का वीडियो सामने आया
घटना का वीडियो बुधवार रात सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग लाठी-डंडों से मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने घायलों की शिकायत के आधार पर सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी फिलहाल फरार हैं।

मथुरा-वृंदावन यात्रा के दौरान हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार गणेश बाजार निवासी अनूप सिंह गुर्जर (38), पुत्र खेम सिंह गुर्जर का कुछ समय पहले मथुरा-वृंदावन यात्रा के दौरान इंदु गुर्जर से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद की रंजिश को लेकर सोमवार रात हमला किया गया। शिकायत के मुताबिक टिल्लू गुर्जर, इंदु गुर्जर, स्पेन्द्र गुर्जर, सुरजीत गुर्जर, सतेंद्र गुर्जर, उपे गुर्जर और हेमू गुर्जर सहित अन्य लोग लाठियां लेकर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए घर के बाहर बैठे लोगों पर हमला कर दिया।
पांच लोग घायल
लाठी-डंडों से हुई मारपीट में खेम सिंह, संजय गुर्जर, अंशुल गुर्जर, पृथ्वी गुर्जर और कप्तान गुर्जर घायल हुए हैं। परिजन सभी घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
नूराबाद थाना प्रभारी एसआई सौरभ पुरी ने बताया कि मारपीट की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है। सामने आए वीडियो को भी जांच में साक्ष्य के तौर पर शामिल किया जा रहा है।