मुरैना। जौरा कस्बे में जुए के फड़ पर पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक युवक की मौत के बाद बुधवार शाम हंगामा खड़ा हो गया। घटना के विरोध में गुस्साए व्यापारियों ने बाजार बंद करा दिया और बड़ी संख्या में थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तनाव की स्थिति को देखते हुए थाने के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के मुताबिक जौरा कस्बे के हॉस्पिटल रोड स्थित मस्जिद वाली गली में पुलिस जुए के फड़ पर कार्रवाई करने पहुंची थी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। इसी दौरान सूरज उर्फ कल्ला गुप्ता, पुत्र सुभाषचंद्र गुप्ता भागते समय अचानक गश्त खाकर जमीन पर गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि कल्ला पीको-फॉल का काम करता था। पुलिस उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने पुलिस पर लगाए मारपीट के आरोप
युवक की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। मृतक के जीजा नीरज गुप्ता ने आरोप लगाया कि पुलिस की मारपीट के कारण कल्ला की मौत हुई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मौत के बाद पुलिस शव को पीएम हाउस में छोड़कर चली गई और परिवार को घटना की जानकारी तक नहीं दी गई।हालांकि, युवक की मौत की वास्तविक वजह क्या थी और पुलिस कार्रवाई के दौरान घटनाक्रम किस तरह हुआ, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष से मौत के कारणों को लेकर स्थिति साफ होने की उम्मीद है।

बाजार बंद कर थाने पहुंचे व्यापारी
घटना की जानकारी फैलते ही जौरा के व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। व्यापारियों ने बाजार बंद कराया और इसके बाद बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए। व्यापारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
खबर लिखे जाने तक थाने के बाहर व्यापारियों का हंगामा जारी था। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की कार्रवाई और युवक की मौत को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक जांच अथवा बयान सामने आने के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट होगी।