मुरैना। समाज, परिवार और देश के विकास में वरिष्ठ नागरिकों के योगदान तथा उनके अनुभवों के सम्मान के उद्देश्य से 1 अक्टूबर 2026 को सामाजिक न्याय विभाग, मुरैना द्वारा वृद्धा आश्रम में अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, सम्मान और उनके लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष योगेश पाल गुप्ता ने कहा कि वृद्ध मनुष्य जीवन की खुली पुस्तक के समान होता है। उनके जीवन के अनुभव और ज्ञान का लाभ समाज को हमेशा लेते रहना चाहिए।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश संगीता मदान ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के साथ न्यायसंगत व्यवहार होना नितांत आवश्यक है। यदि किसी वृद्ध व्यक्ति के साथ ज्यादती या अन्याय होता है तो उसके लिए कानूनी प्रावधान उपलब्ध हैं और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए।

कार्यक्रम में सीएसपी कवेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को पुलिस से संबंधित किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों की सूची तैयार कर उनसे संपर्क भी किया जाएगा।

डिप्टी कलेक्टर एवं उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग आर.के. सिन्हा ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों का शॉल, श्रीफल एवं माला पहनाकर सम्मान किया गया। वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों ने भी अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम का आभार वृद्धा आश्रम के संचालक अतुल माहेश्वरी ने व्यक्त किया, जबकि संचालन जाकिर हुसैन ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभागीय कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। दिनेश कंसाना एवं अविनाश नरवरिया द्वारा कार्यक्रम का संयोजन किया गया।