मुरैना में शराब तस्करी पर कार्रवाई, 45 पेटियां बरामद; साला गिरफ्तार

मुरैना। सिविल लाइन थाना पुलिस ने बिस्मिल नगर में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की 45 पेटियां जब्त की हैं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस को बिस्मिल नगर निवासी हरेंद्र कंसाना के घर से अवैध शराब बेचने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर शराब जब्त की। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी हरेंद्र कंसाना अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि शराब बेच रहे उसके साले को पुलिस ने पकड़ लिया।

शिकायतों के बाद पुलिस ने दी दबिश

सिविल लाइन थाना प्रभारी टीआई उदयभान यादव के अनुसार, क्षेत्रवासियों द्वारा लगातार शिकायत की जा रही थी कि हरेंद्र कंसाना अपने घर से अवैध शराब की बिक्री कर रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने उसके घर पर दबिश दी। घर की तलाशी के दौरान पुलिस को अवैध शराब की 45 पेटियां मिलीं। पुलिस ने शराब जब्त कर ली। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है।

मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस की दबिश के दौरान हरेंद्र कंसाना मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने मौके पर शराब बेच रहे उसके साले को पकड़ लिया। अब पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश कर रही है।

थाना प्रभारी उदयभान यादव ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

error: Content is protected !!