रेत माफियाओं के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, 525 से ज्यादा लोगों पर कार्यवाही

मुरैना। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन में जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुरैना पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जून 2026 के दौरान जिलेभर में 525 से अधिक लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल डावर एवं संबंधित एसडीओपी के मार्गदर्शन में विभिन्न थाना प्रभारियों द्वारा चंबल नदी किनारे बसे गांवों में पहुंचकर अवैध रेत कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की गई। पुलिस ने लोक शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए 114 व्यक्तियों को बीएनएसएस की धारा 126, 135(3) एवं 129 के तहत अंतरिम बाउंड ओवर किया, जबकि 321 व्यक्तियों को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष अंतिम बाउंड ओवर कराया गया।

इसके अलावा अवैध रेत परिवहन, उत्खनन और भंडारण से जुड़े 22 आदतन अपराधियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जिलाबदर की कार्रवाई प्रस्तावित की गई थी।

पुलिस अधीक्षक द्वारा भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने 19 आदतन अपराधियों को जिलाबदर करने का आदेश जारी किया है।जिलाबदर किए गए इन अपराधियों को एक वर्ष की अवधि के लिए मुरैना जिले के साथ-साथ ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर और भिण्ड जिलों की सीमाओं से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं। मुरैना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण जैसी गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। शासन के नियमों का उल्लंघन करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

error: Content is protected !!