कैलारस। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा राज्यभर में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से 24 जून 2026 से 8 जुलाई 2026 तक ‘सेफ क्लिक 2026’ अभियान चलाया जा रहा है। पिछले वर्ष के सफल अभियान की तर्ज पर इस वर्ष भी अभियान का द्वितीय संस्करण प्रदेश के सभी जिलों में संचालित किया जा रहा है। एसडीओपी कैलारस उमेश मिश्रा ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और आमजन को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे अपराधों की रोकथाम के लिए केवल पुलिस कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नागरिकों की जागरूकता और सतर्कता भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को इंटरनेट, सोशल मीडिया, ऑनलाइन बैंकिंग एवं अन्य डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के प्रति जागरूक करना है। इसके तहत आमजन को साइबर ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड और ऑनलाइन वित्तीय अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।एसडीओपी उमेश मिश्रा ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा न करें तथा बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि ‘सेफ क्लिक 2026’ अभियान साइबर स्वच्छता को बढ़ावा देने और सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें आमजन की सहभागिता बेहद जरूरी है।