मुरैना पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मारपीट एवं एससी/एसटी एक्ट के मामले में करीब दो माह से फरार चल रहे ₹1500 के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर जिले में गंभीर अपराधों के वांछित आरोपियों, वारंटियों और इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चन्दौरिया के मार्गदर्शन में थाना सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना सिविल लाइन के अपराध क्रमांक 185/2026 में वांछित आरोपी शेरु गुर्जर (22 वर्ष), पुत्र सुरेन्द्र गुर्जर, निवासी जनकपुर, थाना सिविल लाइन, मुरैना छौंदा पुल के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी मारपीट एवं एससी/एसटी एक्ट से संबंधित प्रकरण में पिछले लगभग दो माह से फरार चल रहा था और उस पर ₹1500 का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
