गांव-गांव पहुंची साइबर चौपाल, मुरैना पुलिस ने बताया ऑनलाइन ठगी से बचने का तरीका

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में चलाए जा रहे 15 दिवसीय ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत रविवार को विभिन्न ग्राम पंचायतों में सायबर चौपाल आयोजित की गई। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं और बच्चों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देना है।

पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में सरपंच, सचिव, पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी गई।

चौपाल के दौरान पुलिस अधिकारियों ने डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, डीपफेक वीडियो कॉल, फर्जी लिंक और आकर्षक ऑफर्स से सावधान रहने की सलाह दी। साथ ही अनजान स्रोतों से APK फाइल डाउनलोड न करने और किसी भी प्रकार का ऑनलाइन लेन-देन करने से पहले पूरी जानकारी की पुष्टि करने की अपील की गई।

ग्रामीणों को बताया गया कि यदि वे किसी साइबर ठगी का शिकार होते हैं तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन, एनसीआरपी पोर्टल या साइबर अपराध रिपोर्टिंग वेबसाइट पर शिकायत दर्ज करें।

कार्यक्रम के दौरान साइबर जागरूकता से जुड़े पंपलेट भी वितरित किए गए।मुरैना पुलिस की 15 दिवसीय कार्ययोजना के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक, जनजागरूकता रैली, साइबर मैराथन, लघु फिल्म, पोस्टर, स्वास्थ्य केंद्रों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों पर जागरूकता कार्यक्रम सहित कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के पांचवें दिन जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से 2 हजार से अधिक लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

error: Content is protected !!