मुरैना में आवारा मवेशियों और अवैध मांस दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग, एसपी को सौंपा ज्ञापन

मुरैना। राष्ट्रीय गौ संरक्षक दल ने जिले में बढ़ती आवारा गौवंश की समस्या तथा अवैध रूप से संचालित मांस दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक मुरैना को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में बताया गया कि कुछ पशुपालक दूध निकालने के बाद गायों और मवेशियों को सड़कों पर बेसहारा छोड़ देते हैं। इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है, वहीं भूख-प्यास से परेशान पशु कचरा और प्लास्टिक खाने को मजबूर हो रहे हैं। संगठन ने ऐसे पशुपालकों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित अन्य संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई करने तथा बेसहारा गौवंश को गौशालाओं में भेजने की मांग की है।
इसके साथ ही संगठन ने क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित मांस की दुकान को बंद कराने की मांग भी उठाई है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि दुकान संचालक खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के नियमों का उल्लंघन कर रहा है। दुकान के आसपास गंदगी, दुर्गंध और मांस अपशिष्ट फैलने से स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है तथा क्षेत्र में आवारा कुत्तों और मक्खी-मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। संगठन का कहना है कि यह दुकान धार्मिक स्थल और स्कूल के समीप स्थित होने के कारण स्थानीय निवासियों की भावनाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
राष्ट्रीय गौ संरक्षक दल ने पुलिस प्रशासन से दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और जनहित व पशु संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

morena #मुरैना

error: Content is protected !!