प्रेम संबंध के शक में छात्र को बंधक बनाकर पीटा, वीडियो वायरल, एक गिरफ्तार, दूसरा फरार

मुरैना। जिले के सुमावली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्र के साथ बीच सड़क पर बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और तत्काल कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो सुमावली कस्बे के मेला ग्राउंड के पास का बताया जा रहा है। वीडियो में दो युवक एक छात्र को पकड़कर पहले उसके पैर रस्सी से बांधते हैं और फिर बीच सड़क पर डंडों से बेरहमी से मारपीट करते नजर आते हैं। इस दौरान आसपास कई लोग मौजूद रहे, लेकिन किसी ने भी छात्र को बचाने का प्रयास नहीं किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।पुलिस ने वीडियो की जांच कर दोनों आरोपियों की पहचान की और उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर हवालात भेज दिया गया है, जबकि दूसरा आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।

प्रेम संबंध को लेकर हुआ विवाद

सुमावली थाना प्रभारी रवी प्रताप सिंह गुर्जर ने बताया कि चौखुटी गांव निवासी नाबालिग छात्र का गांव की ही एक नाबालिग लड़की से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। छात्र मुरैना से कोचिंग कर घर लौट रहा था। इसी दौरान मेला ग्राउंड के पास आरोपियों ने उसे रोक लिया और कथित तौर पर प्रेम संबंध के शक में उसके साथ मारपीट की। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!