मुरैना पुलिस में दो प्रधान आरक्षक बने कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक, एसपी धर्मराज मीना ने लगाए स्टार

मुरैना। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में गुरुवार को आयोजित गरिमामय समारोह में जिला पुलिस बल के दो प्रधान आरक्षकों को कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) का प्रभार सौंपा गया। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने विभागीय परंपरा के अनुसार ब्रजेन्द्र सेंगर (आर्म्स) एवं अकील सिद्दकी को स्टार लगाकर उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह को संबोधित करते हुए एसपी धर्मराज मीना ने कहा कि कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक का पद केवल पदोन्नति नहीं, बल्कि नेतृत्व, अनुशासन, उत्तरदायित्व और उत्कृष्ट सेवा का प्रतीक है। उन्होंने दोनों अधिकारियों से पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने तथा विभाग की गरिमा और जनविश्वास को और मजबूत करने का आह्वान किया।

एसपी ने विश्वास जताया कि दोनों नवपदस्थ कार्यवाहक एएसआई अपने अनुभव, कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता के बल पर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देंगे और अधीनस्थ कर्मचारियों के लिए प्रेरणा बनेंगे।

इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक रविकान्त शुक्ला सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जहां सभी ने दोनों अधिकारियों के सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

error: Content is protected !!