मुरैना। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर जिले में अवैध रेत परिवहन, उत्खनन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की गई। थाना सरायछौला पुलिस, वन विभाग और एसएएफ की संयुक्त टीम ने कैमरा और गयापुरा गांव में अवैध रूप से भंडारित करीब 450 ट्रॉली (900 घनमीटर) रेत को नष्ट कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को चंबल नदी क्षेत्र में अवैध रेत गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने तथा अवैध परिवहन के मार्गों की पहचान कर उन्हें अवरुद्ध करने के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह डावर के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदौरिया के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने कैमरा और गयापुरा गांव में छापेमारी की। मौके पर लगभग 450 ट्रॉली रेत अवैध रूप से भंडारित मिली।इसके बाद टीम ने 1 जेसीबी और 3 लोडर की सहायता से करीब 9.90 लाख रुपये मूल्य की अवैध रेत को मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया। पुलिस का कहना है कि जिले में रेत माफियाओं के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।