इतिहास विषय में शानदार सफलता, मेहनत और समर्पण से बनी युवाओं के लिए प्रेरणा
मुरैना। चंबल अंचल की बेटी प्रिया अग्रवाल ने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर (इतिहास) भर्ती परीक्षा में पूरे प्रदेश में 7वीं रैंक प्राप्त कर मुरैना जिले का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को घोषित परीक्षा परिणाम के साथ ही परिवार, समाज और पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रिया को लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

प्रिया अग्रवाल, राजीव अग्रवाल एवं ममता अग्रवाल की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी इस उल्लेखनीय सफलता से यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि न केवल मुरैना बल्कि पूरे चंबल क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।

अपनी सफलता पर प्रिया ने कहा कि “सफलता किसी एक दिन की नहीं होती, बल्कि यह निरंतर संघर्ष, त्याग, अनुशासन और धैर्य का परिणाम होती है। ईश्वर में अटूट आस्था, परिवार का विश्वास, शिक्षकों का मार्गदर्शन और साथियों का सहयोग मेरी सबसे बड़ी ताकत रही।”
प्रिया की इस उपलब्धि ने विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और बेटियों को नई प्रेरणा दी है। सामाजिक संगठनों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।