मुरैना जिले के पोरसा कस्बे में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों को उजागर करने वाली एक दुखद घटना सामने आई है। गांधी नगर निवासी 19 वर्षीय सर्वेश राठौर ने कथित तौर पर अवैध हथियार से खुद को गोली मार ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक सर्वेश पुत्र राजू राठौर निवासी गांधी नगर, गंगाराम बाली गली, पोरसा लंबे समय से नशे की लत से जूझ रहा था। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को बताया कि आत्महत्या से पहले युवक ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस के अनुसार, वीडियो की भी जांच की जा रही है। परिजनों का कहना है कि वीडियो में युवक ने नशे की लत का जिक्र करते हुए दावा किया है कि वह एक मेडिकल स्टोर से नशे के इंजेक्शन खरीदता था और स्वयं लगाता था। उसने यह भी कहा कि वह नशे का इतना आदी हो चुका था कि इंजेक्शन न मिलने पर उसे बेचैनी होने लगती थी। वीडियो में यह भी दावा किया गया है कि वह अब तक लाखों रुपये नशे के इंजेक्शनों पर खर्च कर चुका था, जिससे उसकी मानसिक स्थिति भी प्रभावित होने लगी थी।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो में किए गए दावों की सत्यता की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक कथित रूप से जिन स्रोतों से नशे के इंजेक्शन प्राप्त करता था, उनकी क्या भूमिका रही। संबंधित मेडिकल स्टोर की भी जांच की जा रही है और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों, अवैध हथियार के स्रोत और वायरल वीडियो में किए गए दावों के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।