27 जुलाई को मुरैना में लगेगा रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेला, 10 हजार से 24,500 रुपये तक मिलेगी नौकरी

मुरैना। जिले के शिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं के लिए 27 जुलाई 2026 (सोमवार) को जिला रोजगार कार्यालय, चंबल कॉलोनी के पीछे स्थित परिसर में रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेला (युवा संगम) आयोजित किया जाएगा। यह मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा।

मेले में कई प्रतिष्ठित निजी कंपनियां विभिन्न रिक्त पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन करेंगी। वहीं, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक युवाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी, ऋण प्रकरण तैयार कराने और आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।

इस रोजगार मेले में चेकमैट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड (गुजरात), सांवरिया बायो फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड (हरियाणा), ग्रेट ऑर्गेनिक डायमंड प्राइवेट लिमिटेड (सागर), फ्रीडम एम्प्लॉयबिलिटी (एनजीओ), मुरैना तथा कोसमोस प्राइवेट लिमिटेड (अहमदाबाद) सहित कई कंपनियां शामिल होंगी। भर्ती सुरक्षा गार्ड, सेल्समैन, सेल्स एग्जीक्यूटिव, शिक्षक, हेल्पर और ऑपरेटर सहित विभिन्न पदों पर की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को योग्यता और पद के अनुसार 10,000 रुपये से 24,500 रुपये प्रतिमाह तक वेतन तथा नियमानुसार अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। जिला रोजगार अधिकारी ने सभी पात्र बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे समग्र आईडी (अनिवार्य), शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता के मूल प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन पत्र तथा अद्यतन बायोडाटा के साथ मेले में उपस्थित होकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।

error: Content is protected !!