मुरैना। रोटरी क्लब चंबल मुरैना द्वारा 21 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक आयोजित “सेवा सप्ताह” का सफलतापूर्वक समापन हुआ। पांच दिवसीय सेवा अभियान के दौरान स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं शिशु कल्याण तथा नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में क्लब सदस्यों, चिकित्सकों, प्रशासनिक अधिकारियों और समाजसेवियों की सक्रिय सहभागिता रही।

21 जुलाई को शासकीय गर्ल्स कॉलेज में छात्राओं के बीच सैनिटरी पैड वितरण किया गया। इस अवसर पर छात्राओं को मासिक स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में समाजसेविका अंजना शिवहरे, कंचन चावला, रेखा अर्गल और पुष्पा सिंघल सहित रोटरी क्लब की टीम मौजूद रही।

22 जुलाई को शासकीय गर्ल्स स्कूल में बाल चिकित्सा शिविर (डेंटल एवं ईएनटी) आयोजित किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया। शिविर का उद्देश्य बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करना था।

23 जुलाई को शासकीय गर्ल्स कॉलेज, मुरैना परिसर में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ पौधरोपण किया गया तथा सभी ने पौधों के संरक्षण का संकल्प भी लिया।

24 जुलाई को गवर्नमेंट एक्सीलेंस स्कूल में “नशा 2.0 जागरूकता अभियान” आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार डावर, आरआई गजेंद्र परमार, भूमिका दुबे तथा स्कूल प्राचार्य मुकेश शांडिल्य उपस्थित रहे। वक्ताओं ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।

25 जुलाई को सिटी डिस्पेंसरी, महामाया मंदिर के सामने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य शिविर (Pre Natal & Neonatal Care Activity) आयोजित किया गया। शिविर में गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श और आवश्यक जानकारी देकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

रोटरी क्लब चंबल मुरैना के अध्यक्ष रोटेरियन करतार सिंह राजपूत ने कहा कि सेवा सप्ताह का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि क्लब भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा।

कार्यक्रमों के सफल संचालन में क्लब के चार्टर अध्यक्ष आनंद गुप्ता, सचिव रोटेरियन मयंक श्रीवास्तव सहित सभी सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। विभिन्न गतिविधियों के संयोजक रोटेरियन रमन सिंघल, प्रमोद उपाध्याय, ताराचंद शिवहरे, सिद्धार्थ अग्रवाल, गिर्राज शर्मा तथा चिकित्सक डॉ. सोनाली गुप्ता, डॉ. अतुल यादव और डॉ. रामख्यात्यार कुशवाह के योगदान की भी सराहना की गई।रोटरी क्लब चंबल मुरैना ने सेवा सप्ताह के माध्यम से यह संदेश दिया कि संगठित प्रयास, सेवा भावना और सामाजिक सहभागिता से समाज में सकारात्मक एवं स्थायी परिवर्तन लाया जा सकता है।
